
नागपुर (Nagpur) :-
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में, नागपुर महानगर क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न भागों में हिंदू समाज की एकता का दृढीकरण और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु तथा भावी पीढ़ी को सुसंस्कार देने के उद्देश्य से इस माह विराट हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। नागपुर के धंतोली परिसर में गोरक्षण सभा और विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति की ओर से आगामी पांच से सात फरवरी तक त्रि-दिवसीय विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
प्रस्तुत सम्मेलन के अंतर्गत, ठाणे जनता सहकारी बैंक की स्थानीय शाखा के साथ डॉ. हेडगेवार रक्त केंद्र के सहयोग से आज गोरक्षण सभा के मोरोपंत पिंगळे परिसर में स्थित श्री गोपाळकृष्ण मंदिर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख एवं सहायक महाव्यवस्थापक श्री प्रशांत कोतवाल ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि बैंक ५४ वें वर्धापन दिन के औचित्य से विभिन्न सामाजिक सेवा उपक्रम चलायें जा रहे हैं और उनमें भी रक्तदान शिविरों को उच्च प्राधान्य दिया जा रहा है।
संघ के धरमपेठ भाग संघचालक श्री श्याम पत्तरकिने ने इस समय रक्तदान शिविरों के महत्व विशद किया और इस मुद्दे को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुचाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
डॉ. हेडगेवार रक्त केंद्र के संचालक श्री मोहन गोखले ने केंद्र की ओर से चलायी जानेवाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देकर उसमें व्यापक जनसहयोग के लिए आह्वान किया।
रामदासपेठ नगर संघचालक श्री राजेश अवचट, बैंक की वरिष्ठ शाखा व्यवस्थापक श्रीमती गौरी डोळस और गोरक्षण सभा के सचिवद्वय श्री प्रसन्न पातूरकर एवं श्रीमती ममता चिंचवडकर सहित अन्य मान्यवर भी इस अवसर पर उपस्थित थे। चालीस से अधिक युवक-युवतियों ने इस शिविर में सहभाग लेकर रक्तदान किया।
सम्मेलन के आगामी कार्यक्रमों में कल सुबह ८:३० बजे हिंदू जन जागृति स्कूटर रैली का आयोजन किया जायेगा। गोरक्षण सभा के मोरोपंत पिंगळे परिसर से निकाली जानेवाली यह रैली रहाटे कॉलनी एवं धंतोली परिसर की बस्तियों से गुजरते हुए इसी स्थान पर समाप्त होगी। साथ ही शाम को ६ से १० बजे तक मोरोपंत पिंगळे परिसर में विशेष रूप से युवा पिढी के लिए आकर्षण बना ‘भजन क्लबिंग’ का कार्यक्रम होगा।
उसके पश्चात् शनिवार दिनांक ०७ फरवरी को शाम को ६ बजे विराट हिंदू सम्मेलन के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन काँग्रेस नगर स्थित न्यू इंग्लिश हाईस्कूल के मैदान पर किया जायेगा। सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन तथा राज्य के संत साहित्य अध्ययन समूह (विमर्श) के संयोजक श्री सुभाषजी लोहे प्रमुख वक्ताओं के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही, धंतोली स्थित श्री रामकृष्ण मठ के अध्यक्ष स्वामी राघवेंद्र जी महाराज एवं रामदासपेठ स्थित गुरुद्वारा के ग्रंथी ज्ञानी हरदीप सिंह जी भी इस समय अपने आशीर्वचन देंगे। गोरक्षण सभा के अध्यक्ष एवं स्वागत समिती संरक्षक श्री सारंग गडकरी, समिती अध्यक्ष श्रीमती सरिता प्रकाश राजूरकर, कार्याध्यक्ष श्री मितेश भांगडिया, उपाध्यक्ष श्री प्रफुल देशमुख, कोषाध्यक्ष श्री संतोष पिंगळे तथा सचिव श्रीमती ममता चिंचवडकर सहित अन्य मान्यवर उपस्थित होंगे।



















