Home LOCAL NEWS दीक्षित नगर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई आंबेडकर जयंती

दीक्षित नगर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई आंबेडकर जयंती

0

नागपूर (Nagpur) :- दिनांक 14 अप्रैल 2026 को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर दीक्षित नगर, नागपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को लोगों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला और पूरे दिन आयोजित गतिविधियों में क्षेत्र के नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। बाबासाहेब आंबेडकर जयंती का यह कार्यक्रम “डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती व बुद्ध पूर्णिमा उत्सव समिति, नागपुर” द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के आयोजन में अध्यक्ष श्रीमती संगीता पाटणकर, सचिव श्री संजय वानखेड़े, सदस्य श्री नरेश मेश्राम, वंदना बहादुरे, मीना खोबरागड़े, साधना पाटिल, निशा मेश्राम, मनीषा वानखेड़े, दर्शना चौधरी, मीना बावनगड़े तथा प्रिया वानखेड़े की विशेष सहभागिता रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः भीम रैली से हुई, जो मुख्य गार्डन, दीक्षित नगर परिसर से प्रारंभ होकर कपिलनगर बुद्ध विहार तक निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और नागरिकों ने भाग लेकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों और आदर्शों को स्मरण किया।

संध्या सत्र में आयोजित प्रबोधनात्मक व्याख्यान में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के प्रबंधक (जनसंपर्क) श्री मिलिंद चहांदे ने मुख्य वक्ता के रूप में ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। अपने वक्तव्य में उन्होंने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और भारतीय संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व के सिद्धांतों की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री अरविंद बांभोर्ड़े, चेयरमैन (डीएनआरए), दीक्षित नगर सोसायटी द्वारा की गई। अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्री बांभोर्ड़े ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों को समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के महाप्रबंधक (सिस्टम्स) श्री पी. जी. चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का अभिनंदन किया तथा अपने उद्बोधन में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के महान कार्यों और उनके विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंतर्गत “संविधान जागर” विषय पर पथनाट्य की प्रस्तुति भी की गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को संविधान के मूल्यों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। इसके पश्चात “खुला मंच” के माध्यम से भीम-बुद्ध गीतों की प्रस्तुति भी की गई।