

नागपुर(Nagpur): गोकुलपेठ स्थित लक्ष्मी भवन से माता मंदिर रोड, चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क, धरमपेठ तक चल रहे सड़क सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य के लंबे समय से बंद होने के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस सड़क पर नई लाइटिंग व्यवस्था, आधुनिक फुटपाथ निर्माण तथा पार्किंग व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे थे।
इसी विषय को लेकर नागपुर के विभिन्न सामाजिक संगठनों (एनजीओ), स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने नागपुर महानगरपालिका आयुक्त श्री विपिन इटनकर और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ गंभीर चर्चा की। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
चर्चा के बाद मनपा आयुक्त श्री विपिन इटनकर ने आवश्यक निर्देश जारी करते हुए बंद पड़े कार्य को पुनः शुरू करने का निर्णय लिया। आयुक्त के निर्देश के बाद संबंधित ठेकेदार द्वारा सड़क विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य दोबारा प्रारंभ कर दिया गया है।
प्रभाग क्रमांक 15 के नगरसेवक श्री सुनील हिरणवार ने आयुक्त श्री विपिन इटनकर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से इस कार्य के पूर्ण होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आयुक्त ने ठेकेदार को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, जिससे नागरिकों को राहत मिलेगी।
बैठक में प्रभाग क्रमांक 15 के जनप्रतिनिधियों में नगरसेवक श्री सुनील हिरणवार, नगरसेवक श्री विनय दानी, नगरसेविका श्रीमती धनश्री देशपांडे तथा नगरसेविका श्रीमती पूजा पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी और नागरिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।

















