
‘फ्रॉम लेंस टू एल्बम’ टॉक शो को मिला उत्साहपूर्ण प्रतिसाद
नागपुर, दिनांक 28 मार्च 2026 :
कॅव्होक सर्विसेस की ओर से नक्षत्रा बैंकेट, एम्प्रेस मॉल, नागपुर में आयोजित भव्य प्रदर्शनी ‘भारत फोटो फेयर 2026’ के दूसरे दिन ‘फ्रॉम लेंस टू एल्बम : फोटो जर्नलिज्म एंड वाइल्ड लाइफ डिजाइन’ विषय पर विशेष टॉक शो उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस चर्चा में फोटोग्राफी क्षेत्र की बदलती तकनीक, रचनात्मकता और दृश्य प्रस्तुति के विविध आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
टॉक शो में प्रसिद्ध फोटोग्राफर एवं डिजाइनर विवेक रानडे, फोटो जर्नलिस्ट अनंत मुले, वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर सरोश लोढ़ी तथा एल्बम डिजाइनर के. गणेश ने सहभागिता दर्ज कराई।
विवेक रानडे ने तस्वीर के पीछे की कहानी को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की कला, फ्रेमिंग, रंग संयोजन और एल्बम डिजाइन के आधुनिक ट्रेंड्स पर मार्गदर्शन किया। वहीं फोटो जर्नलिस्ट अनंत मुले ने समाचार महत्व वाले क्षणों को कैमरे में कैद करते समय आवश्यक तत्परता, नैतिकता और विजुअल स्टोरीटेलिंग के महत्व को स्पष्ट किया।
वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर सरोश लोढ़ी ने वन्यजीव फोटोग्राफी में धैर्य, सही समय, प्राकृतिक प्रकाश के उपयोग और दुर्लभ क्षणों को कैद करने के लिए आवश्यक तकनीकी तैयारी पर अपने अनुभव साझा किए। एल्बम डिजाइनर के. गणेश ने डिजिटल युग में एल्बम प्रेजेंटेशन, लेआउट डिजाइन, स्टोरी-फ्लो और क्लाइंट अनुभव को अधिक आकर्षक बनाने के लिए उपयोग की जाने वाली नई डिजाइन अवधारणाओं की जानकारी दी।
इससे पूर्व ‘फोटोग्राफी विद मल्टिपल फ्लैश’ विषय पर वरिष्ठ फोटोग्राफर जयंत पेडणेकर ने मल्टिपल लाइट सोर्सेस के प्रभावी उपयोग, पोर्ट्रेट और इवेंट शूट में फ्लैश सिंक्रोनाइजेशन के महत्व तथा क्रिएटिव लाइटिंग इफेक्ट्स पर विस्तृत मार्गदर्शन किया।
इसके बाद ‘न्यू बॉर्न एंड मैटरनिटी शूट’ विषय पर फोटोग्राफर अनघा जांभूळकर ने शिशु और मातृत्व के भावनात्मक पलों को प्राकृतिक और सौंदर्यपूर्ण ढंग से कैद करने के लिए आवश्यक संवेदनशीलता, सही एंगल्स, लाइटिंग और थीम चयन पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में कॅव्होक सर्विसेस के संचालक सुमीत जैन, ऑरेंज सिटी फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश काळबांडे, इमिजिएट पास्ट प्रेसिडेंट गजानन रानडे, फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ नागपुर के अध्यक्ष आनंद निर्भवणे सहित फोटोग्राफी क्षेत्र के पेशेवर, विद्यार्थी और शौकिया फोटोग्राफरों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।















