देवेंद्र फडणवीस ने शपथ से पहले ही शुरू की ये परंपरा

0
देवेंद्र फडणवीस ने शपथ से पहले ही शुरू की ये परंपरा
देवेंद्र फडणवीस ने शपथ से पहले ही शुरू की ये परंपरा

भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस गुरुवार को महाराष्ट्र के सीएम पद की शपथ लेंगे। उन्हें आज विधानसभा में हुई भाजपा विधायक दल की मीटिंग में नेता चुन लिया गया। इस दौरान मंच से उनका जो नाम बुलाया गया, उसकी हर ओर चर्चा हो रही है। उनके नाम का प्रस्ताव रखते हुए चंद्रकांत पाटिल और सुधीर मुनगंटीवार ने उन्हें ‘देवेंद्र सरिता गंगाधरराव फडणवीस’ के नाम से संबोधित किया। उनकी मां का नाम सरिता है, जो पहली बार उनके संबोधन में लिखित या फिर मौखिक तौर पर इस्तेमाल किया गया है। माना जा रहा है कि उन्होंने महिलाओं के सम्मान और उनके सशक्तीकरण को ध्यान में रखते हुए ऐसा किया है।

शपथ समारोह के लिए जो आमंत्रण पत्र भेजा गया है, उसमें भी देवेंद्र फडणवीस के साथ मां सरिता का नाम लिखा गया है। अब तक देवेंद्र फडणवीस अपने नाम के साथ पिता गंगाधरराव का नाम लिखते रहे हैं। इसी चुनाव के शपथ पत्र में उन्होंने अपना नाम देवेंद्र गंगाधर राव फडणवीस लिखा था। इसके अलावा 2014 और 2019 के विधानसभा चुनाव में भी उनका यही नाम था। इस तरह पहली बार उन्होंने मां का नाम अपने साथ जोड़ा है। आमंत्रण पत्र पढ़ने के बाद लोगों में इस बात को लेकर चर्चा है कि आखिर क्यों उन्होंने इस नई परंपरा की शुरुआत की है और वह क्या संदेश देना चाहते हैं।