

नागपुर (Nagpur): देश के प्रथम हिंदी समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ के प्रकाशन के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को नागपुर के रमन साइंस सेंटर ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) नागपुर चैप्टर और हिंदी पत्रकार संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘भाषाई विवाद से दूर रही है नागपुर की पत्रकारिता’ रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उद्योगपति एवं पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल ने कहा कि पत्रकारिता महज एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्रहित से जुड़ा एक पावन दायित्व है। उन्होंने सफलता और नैतिकता के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि जीवन में यदि कभी दोनों में से किसी एक का चयन करना पड़े, तो नैतिकता को प्राथमिकता देनी चाहिए।

मुख्य वक्ता एवं दैनिक भास्कर के समूह संपादक प्रकाश दुबे ने नागपुर की सांस्कृतिक और भाषाई समन्वय की परंपरा को रेखांकित करते हुए कहा कि यहां भाषा कभी विवाद का विषय नहीं बनी, बल्कि संवाद और अपनत्व का माध्यम रही है। उन्होंने कहा कि नागपुर में हिंदी और मराठी दोनों भाषाएं सहज रूप से बोली जाती हैं और यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है।

वरिष्ठ पत्रकार विजय फणशीकर ने स्वतंत्रता संग्राम में हिंदी पत्रकारिता के योगदान को याद करते हुए कहा कि उस दौर में पत्रकारिता एक मिशन थी, व्यवसाय नहीं। वहीं वरिष्ठ पत्रकार श्रीपाद अपराजित ने नागपुर को भाषाई भाईचारे का आदर्श उदाहरण बताते हुए कहा कि यहां दोनों भाषाओं का विकास परस्पर सहयोग और सम्मान के साथ हुआ है। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने कहा कि ‘उदंत मार्तंड’ का प्रकाशन काल भले ही अल्प रहा हो, लेकिन उसने भारतीय पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने हिंदी और मराठी को समाज को जोड़ने वाली भाषाएं बताया।

इस अवसर पर पत्रकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों चंद्रमोहन द्विवेदी, एस.एन. विनोद, आनंद निर्बाण, महेश पुरोहित, कृष्ण नागपाल, अतुल कोटेचा, सुदर्शन चक्रधर, अमित वाजपेयी, मनीष सोनी, पूर्णिमा पाटील और राजेश सिंह का शॉल, स्मृति चिन्ह और पौधा भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में PRSI के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (पश्चिम) एस.पी. सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुमन श्रुति ने किया, जबकि हिंदी पत्रकार संघ के सभापति आनंद निर्बाण ने आभार व्यक्त किया। समारोह में नगरसेवक शकील पटेल, दीपक पटेल, दर्शनी धवड़, प्रमोद सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, साहित्यकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


















