
रामभद्राचार्य की रामकथा, सुंदरकांड के 11 हजार स्वर और भजन संध्या की गूंज, बनेगा ऐतिहासिक आयोजन
विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर संस्थान (हनुमान लोक) जामसांवली धाम में इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव का पर्व एक ऐतिहासिक गौरव के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर 26 मार्च 2026 को रामनवमी के शुभ दिन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ‘हनुमान लोक’ के प्रथम चरण का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा 30 एकड़ क्षेत्र में 314 करोड़ रुपये की कुल लागत से छह चरणों में इस भव्य कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में 35 करोड़ रुपये की लागत से पहले चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसमें दो बड़े कॉरिडोर बनाए गए हैं। इसमें आधुनिक तकनीक (हाईटेक टेक्नोलॉजी) के माध्यम से हनुमान जी के बाल स्वरूप के चित्रण के साथ-साथ किष्किंधा और सूर्यदेव से जुड़ी पौराणिक कथाओं को जीवंत रूप में दर्शाया गया है।

इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण पद्मविभूषण तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्रीरामभद्राचार्य महाराज की अमृतमयी वाणी से होने वाली भव्य श्रीराम कथा है। जगद्गुरु जी 29 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक अपनी ओजस्वी वाणी से श्रद्धालुओं को रामकथा का रसपान कराएंगे। उनकी विलक्षण स्मृति और शास्त्र-सम्मत ज्ञान के माध्यम से होने वाला यह आयोजन जन-मानस में सनातन गौरव का संचार करेगा।
भक्ति की इसी कड़ी में 31 मार्च 2026, मंगलवार को सायंकाल 7:30 बजे विश्वविख्यात श्री रसराज जी महाराज की उपस्थिति में 11 हजार श्रद्धालु एक साथ सामूहिक सुंदरकांड का पाठ कर विश्व कीर्तिमान रचेंगे।
इसके पश्चात, बुधवार 1 अप्रैल 2026 को रात्रि 8:30 बजे ‘राम आयेंगे…’ भजन की सुप्रसिद्ध गायिका स्वाति मेहुल द्वारा भव्य ‘भजन कॉन्सर्ट’ की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसके बाद रात्रि 10:30 बजे ‘भजन जैमिंग’ का आयोजन होगा।

श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए मंदिर संस्थान और जिला प्रशासन द्वारा भव्य वॉटरप्रूफ पंडाल, कूलर और शीतल पेयजल की उत्तम व्यवस्था की गई है। 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर रात्रि 2 बजे से श्रीमूर्ति रुद्राभिषेक और प्रातः 4 बजे महाआरती संपन्न होगी। मंदिर संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा और मंदिर संस्थान ने समस्त धर्मप्रेमियों से इस ऐतिहासिक महापर्व में सहभागी होने की अपील की है।















