Home Artical Blog आईएमआरसी 2026 में विश्व विजेता बनी वेकोलि माइन्स रेस्क्यू टीम का भव्य...

आईएमआरसी 2026 में विश्व विजेता बनी वेकोलि माइन्स रेस्क्यू टीम का भव्य स्वागत एवं सम्मान

0

वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) की माइन्स रेस्क्यू टीम द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर आज दिनांक 11.05.2026 को वेकोलि मुख्यालय में टीम का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने टीम के सदस्यों को सम्मानित करते हुए उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई दी।

वेकोलि की माइन्स रेस्क्यू टीम ने, कोल इंडिया लिमिटेड का प्रतिनिधित्व करते हुए, जाम्बिया देश में 25 अप्रैल से 5 मई, 2026 तक आयोजित ‘अंतर्राष्ट्रीय खान बचाव प्रतियोगिता (IMRC) 2026’ में इतिहास रचते हुए ‘ओवरऑल चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया। यह एतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाली यह पहली भारतीय माइन्स रेस्क्यू टीम है। प्रतियोगिता में 11 देशों की 22 टीमों ने भाग लिया था। टीम ने भूमिगत खदान की श्रेणी में द्वितीय स्थान भी प्राप्त किया। साथ ही वेकोलि के श्री आर. के. सुमन को “सर्वश्रेष्ठ टेकनीशियन पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। इस यशस्वी टीम की अगवाई निदेशक (तकनीकी) परियोजना एवं आयोजना श्री संदीप परांजपे ने की तथा महाप्रबंधक (रेस्क्यू) श्री दिनेश बिसेन वरिष्ठ सदस्य के रूप में शामिल थे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि यह उपलब्धि केवल वेकोलि के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि टीम ने अपने कौशल, अनुशासन, साहस और समर्पण से विश्व स्तर पर भारत एवं कोल इंडिया का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने टीम के सभी सदस्यों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि टीम वेकोलि इसी प्रकार हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेगी।

डॉ. पांडे ने वर्तमान कोयला उत्पादन, कोयला प्रेषण एवं ओवरबर्डन रिमूवल की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि टीम वेकोलि इस वित्तीय वर्ष में न केवल निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करेगी, बल्कि उन्हें पार करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

कार्यक्रम में निदेशक (वित्त) श्री बिक्रम घोष, निदेशक (तकनीकी) संचालन श्री आनंदजी प्रसाद तथा निदेशक (तकनीकी) परियोजना एवं आयोजना श्री संदीप परांजपे विशेष तौर पर उपस्थित थे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।